गद्यांश

निम्नलिखित गद्यांश को ध्यानपूर्वक पढ़कर दिए गए प्रश्नों के उत्तर लिखिए :

एक स्वस्थ व्यक्ति की परिभाषा कुछ शब्दों में बताना कठिन है। किसी को क्षणिक देखने भर से नहीं कहा जा सकता है कि वह नितांत स्वस्थ है या रुग्ण है। कोई व्यक्ति देखने में मोटा-ताजा, रूप-सौन्दर्य से युक्त भले ही हो सकता है लेकिन यह जरूरी नहीं कि वह शारीरिक तौर पर हर तरह से स्वस्थ होगा। वास्तव में व्यक्ति का बाह्य रूप उसकी अन्तः शक्ति को एक झलक में प्रदर्शित नहीं कर पाता। यद्यपि कभी-कभी विषाद और अन्तर्द्वन्द्व का भाव व्यक्ति के मुख पर छलक जाता है, उसी तरह हृदय की प्रसन्नता की छाप भी मुख पर दिखाई दे जाती है। ये दोनों प्रसन्नता और वेदना के भाव परिवर्तनशील होते हैं। इन स्थितियों में भी अधिकता-न्यूनता का परिवर्तन होता रहता है। वास्तव में ये वे हृदय-आवेग हैं, जो हमें हमारे बाह्य प्रभाव से प्राप्त होते हैं। इन दोनों प्रभावों का संबंध मनुष्य के स्वास्थ्य से होता है। विभिन्न प्रकार की बीमारियाँ आदमी के शरीर को क्षति तो पहुँचाती ही हैं, उसके मनोबल को भी कमजोर कर देती हैं।

व्यक्ति का अच्छा स्वास्थ्य एक लम्बी प्रक्रिया के फलस्वरूप प्राप्त होता है। अच्छे स्वास्थ्य वाला व्यक्ति अपने दैनन्दिन कार्य बड़ी कुशलता के साथ कर लेता है। कृश तन वाला व्यक्ति भी स्वस्थ हो सकता है और स्थूलकाय व्यक्ति भी रोगी हो सकता है। शारीरिक संरचना से किसी के अच्छे या खराब स्वास्थ्य का पता नहीं चलता। अच्छे स्वास्थ्य वाला व्यक्ति वही होता है जिसमें अपने कार्य करने की क्षमता हो, स्फूर्ति हो, ऊर्जा हो और वह आलस्य रहित हो। ऐसा व्यक्ति अपनी कार्यक्षमता के बल पर अपने कार्य यथासमय निपटा लेता है, उसका चिंतन सकारात्मक होता है और किसी भी काम के लिए अन्य के भरोसे नहीं रहता। इसीलिए कहा जाता है कि-“स्वस्थ शरीर में ही स्वस्थ मन का निवास होता है।”

निम्नलिखित में निर्देशानुसार सर्वाधिक उपयुक्त विकल्पों का चयन कीजिए :-

प्रश्न 1.अच्छे स्वास्थ्य के क्या-क्या लाभ हैं?

(अ) आलस्य नहीं करना
(ब) शरीर में ऊर्जा रहना
(स) चिंतन सकारात्मक रहना
(द) ये सभी

प्रश्न 2. व्यक्ति की मुख छवि किन आवेगों के कारण बदलती रहती है?

(अ) विषाद एवं अन्तर्द्वन्द के द्वारा
(ब) प्रसन्नता और वेदना के भाव द्वारा
(स) हृदय के आवेगों का परिवर्तन होना
(द) ये सभी

प्रश्न 3. उपर्युक्त गद्यांश का शीर्षक क्या है?

(अ) स्वस्थ जीवन
(ब) स्वास्थ्य का महत्व
(स) स्वस्थ मन
(द) स्वस्थ शरीर

प्रश्न 4. लेखक के अनुसार स्वस्थ शरीर में ही किसका निवास होता है?

(अ) स्वस्थ मन
(ब) आलस
(स) स्वस्थ आत्मा
(द) ये सभी

प्रश्न 5. किस प्रकार का व्यक्ति भी रोगी भी हो सकता है?

(अ) कृशकाय
(ब) स्थूलकाय
(स) नकारात्मक
(द) विषादी