शिकायती पत्र : जिला अधिकारी को पत्र


पड़ोस में आग लगने की दुर्घटना की खबर तुरंत दिए जाने पर भी दमकल अधिकारी और पुलिस देर से पहुँचे जिससे आग ने भीषण रूप ले लिया। इसके बारे में विवरण सहित एक शिकायती-पत्र अपने जिला अधिकारी को लिखिए।


सेवा में,

जिला अधिकारी,

गोमती नगर,

लखनऊ (उ. प्र.)

दिनांक ……………….

विषय- दमकलकर्मियों द्वारा विलम्ब से पहुँचने के सन्दर्भ में।

महोदय,

अत्यंत खेद के साथ आपको सूचित करना पड़ रहा है कि हमारी आवासीय कॉलोनी सरोजिनी नगर सेक्टर-20 में कल प्रातः हमारे पड़ोस के एक घर में आग लग गई थी। इस दुर्घटना की खबर तुरन्त ही अग्निशमन विभाग को और पुलिस को दी गई, लेकिन दमकल अधिकारी और पुलिस, आग लगने के दो घंटे बाद दुर्घटनास्थल पर पहुँचे। तब तक आग ने भीषण रूप ले लिया था। लोगों ने मिलकर आग बुझाने की कोशिश भी की, लेकिन यह उनके वश से बाहर था। उस भीषण आग में पूरा घर जलकर राख हो गया। आसपास की एक-दो दुकानें भी आंशिक रूप से जल गई। एक-दो मवेशी भी आग की चपेट में आकर झुलस गए। बस, गनीमत यह रही कि समय रहते, घर के अंदर से लोग बाहर आ गए थे। इस घटना को लेकर सभी कॉलोनी निवासियों में रोष व्याप्त है।

हमारा आपसे विनम्र अनुरोध है कि इस बात की गंभीरता को समझते हुए, उन पुलिस अधिकारियों और दमकल अधिकारियों के विरुद्ध सख्त कार्यवाही की जाए जिन्होंने अपने कर्त्तव्यपालन में इतनी लापरवाही दिखाई जिससे लाखों का नुकसान हुआ और एक परिवार सड़क पर आ गया। अगर समय रहते वे दुर्घटना स्थल पर पहुँच जाते तो शायद काफी कम नुकसान झेलना पड़ता। हमें विश्वास है कि आप त्वरित रूप से इस बात का संज्ञान लेंगे।

धन्यवाद।

भवदीय,

क, ख, ग

सरोजिनी नगर,

लखनऊ,

उत्तर प्रदेश।