अपठित गद्यांश : साहस


किसी भी कार्य की सफलता के लिए ध्येय के प्रति उत्कट लगन, कार्य में अटूट श्रद्धा एवम् अपनी शक्तियों में पर्याप्त विश्वास आवश्यक है। विश्वास, एकाग्रता, लगन, संतुलन, श्रद्धा आदि सब साहस के ऊपर निर्भर हैं, क्योंकि मनुष्य का सबसे प्रथम गुण साहस है। साहस अन्य सब गुणों का प्रतिनिधित्व करता है। यदि तन सशक्त हो, मन सशक्त हो, वाणी सशक्त हो तो उनके द्वारा प्राप्त कार्य-शक्ति के आगे भाग्य स्वयं नत-मस्तक हो जाता है। साहसी की प्रतिभा के सामने शोक, भय भाग जाते हैं। साहसी को संसार भी रास्ता देता है। मनुष्य में सब गुण हों, वह विद्वान हो धनवान हो, शक्तिशाली हो, पर यदि उसमें साहस न हो तो वह अपने सद्गुणों का, अपनी योग्यताओं व अपनी शक्तियों का उपयोग नहीं कर सकता। साहस मनुष्य के व्यक्तित्व का नायक है। साहस व्यक्ति को निर्भय बनाता है और जहाँ निर्भयता होती है वहाँ सफलता निश्चित है। निर्भयता से ही आत्म-विश्वास जाग्रत होता है। आत्म-विश्वास के अभाव में हम उस प्रत्येक कार्य को करते हुए डरेंगे जो हमने पहले नहीं किया और जो बिल्कुल नया है। जिनके संकल्प अधूरे होते हैं, जो संशय-ग्रस्त होते हैं, वे कोई बड़ा काम नहीं कर पाते और कुछ करते भी हैं तो उनमें असफल हो जाते हैं।


प्रश्न 1. कार्य की सफलता के लिए क्या आवश्यक है?

(क) ध्येय के प्रति उत्कट लगन

(ख) कार्य में अटूट श्रद्धा

(ग) अपनी शक्तियों में विश्वास

(घ) उपर्युक्त सभी।

प्रश्न 2. भाग्य किनके समक्ष नत्मस्तक हो जाता है?

(क) भाग्यवान के सामने

(ख) भाग्यवादियों के सामने

(ग) साहसी व्यक्तियों के सामने

(घ) भाग्य की पूजा करने वालों के सामने।

प्रश्न 3. मनुष्य अपने सद्गुणों, योग्यताओं तथा शक्तियों का कब उपयोग नहीं कर पाता है?

(क) जब वह विद्वान न हो

(ख) जब व्यक्ति धनवान न हो

(ग) जब व्यक्ति गुणवान न हो

(घ) जब व्यक्ति साहसी न हो।

प्रश्न 4.  किसी बड़े काम में सफल होने के लिए इनमें से कौन सा गुण आवश्यक है?

(क) अधूरा संकल्प

(ख) संशय-ग्रस्तता

(ग) आत्म-विश्वास

(घ) भय का भाव।

प्रश्न 5. कथन (A) और कारण (R) को पढ़कर उपयुक्त विकल्प चुनिए-

कथन (A): विश्वास, एकाग्रता, लगन, संतुलन, श्रद्धा आदि सब साहस के ऊपर निर्भर हैं।

कारण (R) : साहसी की प्रतिभा के सामने शोक और भय भाग जाते हैं। साहसी को संसार भी रास्ता देता है।

विकल्प :

(क) कथन (A) गलत है, किंतु कारण (R) सही है।

(ख) कथन (A) और कारण (R) दोनों ही गलत हैं।

(ग) कथन (A) सही है और कारण (R) कथन (A) की सही व्याख्या है।

(घ) कथन (A) सही है, किंतु कारण (R) कथन (A) की सही व्याख्या नहीं है।