अपठित गद्यांश : सांस्कृतिक एकता


हमारी एकता का सबसे बड़ा प्रमाण यह है कि उत्तर या दक्षिण चाहे जहां भी चले जाइए, आपको जगह-जगह एक ही संस्कृति के मन्दिर, मस्जिद, गुरुद्वारे या चर्च दिखाई देंगे। उत्तर भारत के लोगों का जो स्वभाव है, जीवन को देखने की उनकी जो दृष्टि है, वही स्वभाव और वही दृष्टि दक्षिण वालों की भी है। भाषा की दीवार के टूटते ही एक उत्तर भारतीय और एक दक्षिण भारतीय के बीच कोई भी भेद नहीं रह जाता और वे आपस में एक-दूसरे के बहुत करीब आ जाते हैं। असल में भाषा की दीवार के आर-पार बैठे हुए भी वे एक ही हैं। वे एक धर्म के अनुयायी और संस्कृति की एक ही विरासत के भागीदार हैं, उन्होंने देश की आजादी के लिए एक होकर लड़ाई लड़ी। धार्मिक विश्वास की एकता मनुष्य की सांस्कृतिक एकता को पुष्ट करती है। अनेक सदियों से हिन्दू-मुसलमान साथ रहते आए हैं और इस लम्बी संगति के फलस्वरूप उनके बीच संस्कृति और तहजीब की बहुत-सी समान बातें पैदा हो गई हैं जो उन्हें दिनों-दिन आपस में नजदीक लाती जा रही हैं।


प्रश्न 1. एक ही संस्कृति के मंदिर, मस्जिद, गुरुद्वारे या चर्च किसका प्रमाण हैं?

(क) हमारी एकता का

(ख) अलग-अलग पूजा करने के ढंग का

(ग) विभिन्न धर्मों के प्रतीक का

(घ) विभिन्न धर्म के विभिन्न देवी-देवताओं का।

प्रश्न 2. भाषा की दीवार टूटने का उत्तर और दक्षिण भारतीयों पर क्या प्रभाव पड़ता है?

(क) वे अपनी-अपनी भाषा को श्रेष्ठ बताते हैं

(ख) उनका भाषा पर मतभेद बढ़ जाता है

(ग) उनका मतभेद समाप्त हो जाता

(घ) वे एक-दूसरे की भाषा को द्वेष की दृष्टि से देखते हैं।

प्रश्न 3. धार्मिक विश्वास की एकता मनुष्य की ……… मजबूत करती है।

(क) धार्मिक एकता

(ख) धार्मिक सहिष्णुता

(ग) सामाजिक एकता

(घ) सांस्कृतिक एकता।

प्रश्न 4. हिन्दू-मुसलमानों में संस्कृति और तहजीब की अनेक बातें समान होने का कारण था :

(क) एक दूसरे देश में आवागमन

(ख) एक दूसरे से लड़ना झगड़ना

(ग) एक दूसरे के साथ-साथ रहना।

(घ) एक-दूसरे से स्वयं को श्रेष्ठ समझना।

प्रश्न 5. कथन (A) और कारण (R) को पढ़कर उपयुक्त विकल्प चुनिए-

कथन (A) : उत्तर भारत के लोगों का जो स्वभाव है, जीवन को देखने की उनकी जो दृष्टि है, वही स्वभाव और वही दृष्टि दक्षिण वालों की भी है।

कारण (R) : धर्मिक विश्वास की एकता मनुष्य की सांस्कृतिक एकता को पुष्ट करती है।

विकल्प

(क) कथन (A) गलत है, किंतु कारण (R) सही है।

(ख) कथन (A) और कारण (R) दोनों ही गलत हैं।

(ग) कथन (A) सही है और कारण (R) कथन (A) की सही व्याख्या है।

(घ) कथन (A) सही है, किंतु कारण (R) कथन (A) की सही व्याख्या नहीं है।