अपठित गद्यांश : मां गंगा


गंगा भारत की एक अत्यन्त पवित्र नदी है जिसका जल काफी दिनों तक रखने के बावजूद अशुद्ध नहीं होता जबकि साधारण जल कुछ दिनों में ही सड़ जाता है गंगा का उदगम् स्थल गंगोत्री या गोमुख है। गोमुख से भगीरथी नदी निकलती है और देवप्रयाग नामक स्थान पर अलकनंदा नदी से मिलकर आगे गंगा के रूप में प्रवाहित होती है। भागीरथी के देवप्रयाग तक आते-आते इसमें कुछ चट्टानें घुल जाती हैं जिससे इसके जल में ऐसी क्षमता पैदी हो जाती है जो उसके पानी को सड़ने नहीं देती।

हर नदी के जल में कुछ खास तरह के पदार्थ घुले रहते हैं जो उसकी विशिष्ट जैविक संरचना के लिए उत्तरदायी होते हैं। ये घुले हुए पदार्थ पानी में कुछ खास तरह के बैक्टीरिया को पनपने देते हैं तो कुछ को नहीं। कुछ खास तरह के बैक्टीरिया ही पानी की सड़न के लिए उत्तरदायी होते हैं तो कुछ पानी में सड़न पैदा करने वाले कीटाणुओं को रोकने में सहायक होते हैं। वैज्ञानिक शोधों से पता चलता है कि गंगा के पानी में भी ऐसी बैक्टीरिया हैं जो गंगा के पानी में सड़न पैदा करने वाले कीटाणुओं को पनपने ही नहीं देते इसलिए गंगा का पानी काफी लम्बे समय तक खराब नहीं होता और पवित्र माना जाता है।

हमारा मन भी गंगा के पानी की तरह ही होना चाहिए तभी वह निर्मल माना जाएगा। जिस प्रकार पानी को सड़ने से रोकने के लिए उसमें उपयोगी बैक्टीरिया की उपस्थिति अनिवार्य है उसी प्रकार मन में विचारों के प्रदूषण को रोकने के लिए सकारात्मक विचारों के निरंतर प्रवाह की भी आवश्यकता है। हम अपने मन को सकारात्मक विचार रूपी बैक्टीरिया द्वारा आप्लावित करके ही गलत विचारों को प्रविष्ट होने से रोक सकते हैं। जब भी कोई नकारात्मक विचार उत्पन्न हो, सकारात्मक विचार द्वारा उसे समाप्त कर दीजिए।

प्रश्न 1. गंगा नदी के पानी की क्या विशेषता है?

(क) यह पापों को धो देता है

(ख) यह अमृत जैसा है

(ग) यह लंबे समय तक खराब नहीं होता

(घ) यह साधारण जल के समान पवित्र है।

प्रश्न 2. गंगा अपने उद्गम स्थल पर किस नाम से जानी जाती है?

(क) गंगोत्री

(ख) भागीरथी

(ग) अलकनंदा

(घ) गंगा।

प्रश्न 3. गंगा के पानी में सड़न रोकने के लिए क्या उत्तरदायी है?

(क) विशेष प्रकार का जीवाणु

( ख) विशिष्ट प्रकार की दवाएँ

(ग) विशिष्ट प्रकार की वनस्पतियाँ

(घ) विशिष्ट प्रकार के बैक्टीरिया।

प्रश्न 4. मन में विचारों को दूषित होने से रोकने के लिए किसकी उपस्थिति अनिवार्य है?

(क) तुलनात्मक विचारों की

(ख) सकारात्मक विचारों की

(ग) नकारात्मक विचारों की

(घ) स्वीकारात्मक विचारों की।

प्रश्न 5. कथन (A) और कारण (R) को पढ़कर उपयुक्त विकल्प चुनिए-

कथन (A) : गंगा का उद्गम स्थल गंगोत्री या गोमुख है।

कारण (R) : गोमुख से भगीरथी नदी निकलती है और देवप्रयाग नामक स्थान पर अलकनंदा नदी से मिलकर गंगा के रुप में प्रवाहित होती है।

विकल्प-

(क) कथन (A) गलत है, किंतु कारण (R) सही है।

(ख) कथन (A) और कारण (R) दोनों ही गलत हैं।

(ग) कथन (A) सही है और कारण (R) कथन (A) की सही व्याख्या है।

(घ) कथन (A) सही है, किंतु कारण (R) कथन (A) की सही व्याख्या नहीं है।