अनुच्छेद लेखन :  कंप्यूटर-आज की ज़रूरत


वर्तमान युग विज्ञान के युग के नाम से जाना जाता है। आज किसी देश की प्रगति का मूल्यांकन उस देश की वैज्ञानिक, औद्योगिक तथा तकनीकी प्रगति के आधार पर ही किया जाता है। विज्ञान ने अपने आविष्कारों द्वारा मानव को चमत्कृत कर दिया है। आज जीवन के लगभग सभी क्षेत्रों में कंप्यूटर का प्रवेश हो गया है। बैंक, रेलवे स्टेशन, हवाई अड्डे, डाकखाने, बड़े-बड़े उद्योग, कारखाने, व्यवसाय, रुपये गिनने की मशीनें तक कंप्यूटरीकृत हो गई हैं। आज व्यक्ति के संपर्क बढ़ने के कारण व्यापार में भी वृद्धि हो रही है, गतिविधियाँ बढ़ रही हैं, साधन बढ़ रहे हैं। परिणामस्वरूप सब जगह भागदौड़ मची है। कंप्यूटर से असंख्य लाभ हैं। इसकी सहायता से हमारा जीवन अत्यंत सरल, सुगम व सुविधाजनक बन गया है। अब न तो बिल भरने की लंबी लाइनों में लगने की आवश्यकता है, न कोई फार्म खरीदने के लिए देश-विदेश जाने की। आप घर बैठे-बैठे बिल भर सकते हैं। परीक्षाफल देख सकते हैं। कंप्यूटर की सहायता से अंतरिक्ष में पहुँचना और अन्य ग्रहों की खोज करना आसान हो गया है। मौसम का पूर्वानुमान कंप्यूटर की बहुत बड़ी उपलब्धि है। कंप्यूटर के आने से सबसे बड़ा परिर्वतन मीडिया जगत में आया है। मनुष्य प्रकृति के खुले आँगन में विचरण करने की बजाय टी.वी., कंप्यूटर रूम में कैद रहने लगा है। उसके संबंध सीमित हो गए हैं। इसका सीधा प्रभाव उसके स्वास्थ्य और सामाजिक जीवन पर पड़ा है। मनुष्य को ध्यान रखना चाहिए कि ये उपकरण हमारे साधन है साध्य नहीं। ये हमारे लिए हैं, हम इनके लिए नहीं।